यमुनानगर पुलिस का अब गैंग नेटवर्क पर फोकस:पूर्व सरपंच के घर फायरिंग केस; अस्पताल में भर्ती शूटर से खुलासे के संकेत

यमुनानगर जिले के गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच ऋषिपाल के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में पुलिस जांच लगातार गहराती जा रही है। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपी अमन से अब तक हुई शुरुआती पूछताछ में कई अहम इनपुट मिले हैं। पुलिस का मानना है कि इस पूरे मामले में अभी कई बड़े खुलासे होना बाकी हैं। फिलहाल इस केस में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वहीं मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से घायल आरोपी अमन अभी सिविल अस्पताल में भर्ती है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे गैंग नेटवर्क और इस फायरिंग के पीछे जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। गैंग के कई लोग रडार पर पुलिस का मानना है कि फायरिंग करने वाले केवल तीन युवक ही इस पूरे नेटवर्क का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि इनके पीछे कई अन्य लोग भी सक्रिय थे। जांच में सामने आया है कि वारदात में किसी ने हथियार उपलब्ध करवाए, किसी ने टारगेट की रेकी करवाई, जबकि कुछ लोगों ने पैसे और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराया। सूत्रों के अनुसार सोशल मीडिया के जरिए युवकों को गैंग से जोड़ा गया था और उन्हें पैसों का लालच देकर वारदात में शामिल किया गया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि शूटरों का चयन किसने किया और वारदात से पहले उन्हें निर्देश कौन दे रहा था। पूर्व विधायक की फैक्ट्री फायरिंग केस जैसा खुल सकता है नेटवर्क पुलिस इस मामले को पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर हुई फायरिंग केस की तर्ज पर भी देख रही है, जिसमें जांच आगे बढ़ने के साथ एक के बाद एक सात आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। अधिकारियों का मानना है कि भूरे का माजरा फायरिंग केस में भी कई परतें खुल सकती हैं और पूछताछ में गैंग से जुड़े नए नाम सामने आ सकते हैं। सीआईए-2 इंचार्ज राकेश ने बताया कि मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती आरोपी अमन को छुट्टी मिलने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, जिससे फायरिंग केस से जुड़े कई अहम पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है। क्या था पूरा मामला गौरतलब है कि 25-26 अप्रैल की रात गांव भूरे का माजरा में पूर्व सरपंच ऋषिपाल के बंद पड़े मकान पर बदमाशों ने 16 से 17 राउंड फायरिंग की थी। गोलियों की आवाज सुनकर सामने रहने वाला उसका साला अंकित बाहर निकला तो बदमाशों ने उसकी तरफ भी फायरिंग कर दी थी। हालांकि वह बाल-बाल बच गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात में पानीपत के गांव गोयल खुर्द निवासी अमन शामिल था, जिसे मंगलवार रात गांव कुलपुर के पास सीआईए-2 और थाना छप्पर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी थी। इस दौरान एसआई रोहन की बुलेट प्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *