आम आदमी पार्टी (आप) ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी और केंद्रीय जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के विरोध में संगरूर स्थित भाजपा के जिला कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर “भाजपा की धक्केशाही पंजाब में नहीं चलेगी” और “भाजपा मुर्दाबाद” जैसे नारे लिखे हुए थे। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया। जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल का आरोप इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने भाजपा पर केंद्र सरकार के माध्यम से केंद्रीय जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा बौखला गई है, जिसके कारण विपक्षी नेताओं को डराने और उन पर दबाव बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का सहारा लिया जा रहा है। नेताओं पर दबाव बनाकर पार्टी में शामिल कराना चाहती है भाजपा गोयल ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा की कथित धक्केशाही का एकजुट होकर मुकाबला करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के छापों और कार्रवाइयों के जरिए नेताओं पर दबाव बनाकर उन्हें अपनी पार्टी में शामिल करना चाहती है, लेकिन ‘आप’ ऐसी धमकियों से डरने वाली नहीं है।