परिवहन विभाग ने लंबित वाहन चालानों के संबंध में सख्ती बढ़ा दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन वाहनों के चालान जारी होने के 3 महीने बाद भी जमा नहीं किए जाते, उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। ऐसे वाहनों की जानकारी बाद में पुलिस विभाग को भेजी जाएगी, ताकि उन्हें जब्त करने की कार्रवाई की जा सके। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) सूरज कुमार ने बताया कि मोगा जिले के जिन वाहन मालिकों ने अभी तक अपने लंबित चालान जमा नहीं किए हैं, वे तत्काल भुगतान करें। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग समय-समय पर विशेष चेकिंग अभियान चलाता है। ऐसे अभियानों के दौरान यदि कोई ब्लैकलिस्ट वाहन पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जल्द से जल्द लंबित चालानों का निपटारा करें कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को जब्त होने से बचाने के लिए जल्द से जल्द लंबित चालानों का निपटारा करें। विभाग का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कई वाहन मालिक लापरवाही के कारण चालान जमा नहीं करते, जिससे उन्हें बाद में परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबित चालानों की सूची सार्वजनिक रूप से जारी सूरज कुमार ने यह भी जानकारी दी कि लंबित चालानों की सूची सार्वजनिक रूप से जारी कर दी गई है। यह सूचना उपायुक्त कार्यालय के सूचना बोर्ड, आरटीओ कार्यालय और एसएसपी कार्यालय में प्रकाशित की गई है। इसका उद्देश्य संबंधित वाहन मालिकों को आसानी से जानकारी प्राप्त करने और समय पर चालान जमा करने में मदद करना है।