संगरूर में आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जिला भाजपा संगरूर इकाई ने पुलिस लाइन के बाहर यह प्रदर्शन आयोजित किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों और गले में जंजीरें पहनकर अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की टिप्पणी से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके विरोध में पार्टी पूरे पंजाब में प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने मांग की कि या तो मुख्यमंत्री मान को गिरफ्तार किया जाए, या फिर प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जाए।
मान के माफी नहीं मांगने तक धरना रहेगा जारी नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते, तब तक भाजपा अपना संघर्ष जारी रखेगी। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने संगरूर की एसएसपी रवजोत ग्रेवाल को एक ज्ञापन भी सौंपा। विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। क्या कहा था मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पिछले दिनों बठिंडा में अपनी ‘शुकराना यात्रा’ के दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने भाजपा पर राज्य में नफरत फैलाने और सांप्रदायिक आधार पर लोगों को बांटने का आरोप लगाया था। साथ ही जोर देकर कहा था कि पंजाब में नफरत का बीज नहीं पनप सकता। मान ने अकाली दल (SAD), विशेष रूप से सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया पर भी निशाना साधा था।