पीएम मोदी उपदेश देते, पालन नहीं करते:मंडी पहुंची हिमाचल कांग्रेस प्रभारी ने 10 लाख के सूट और विदेश दौरों पर कसा तंज

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने मंडी नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री की जीवनशैली और राजनीति के तरीके पर सवाल उठाते हुए इसे केवल ‘प्रवचन की राजनीति’ करार दिया। रजनी पाटिल ने प्रधानमंत्री मोदी पर सादगी के दावों को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने एक मराठी कहावत का हवाला देते हुए कहा, “लोगों को उपदेश दे दो, लेकिन खुद उसका पालन मत करो।” उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री एक तरफ जनता को सादगी का पाठ पढ़ाते हैं, वहीं दूसरी तरफ खुद 10-10 लाख रुपये के सूट पहनते हैं और महंगे विदेश दौरों पर रहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की ‘गुच्ची’ (महंगी सब्जी/मशरूम) खाने का भी जिक्र किया। NEET पेपर लीक को बताया दुर्भाग्यपूर्ण देशभर में चर्चित NEET परीक्षा पेपर लीक मामले पर पाटिल ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने इसे देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ और बेहद गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे को बार-बार संसद में उठाया, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। युवाओं के भविष्य के साथ ऐसी लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।” ‘इवेंट’ बनाम ‘विकास’ की राजनीति पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल प्रचार और ‘इवेंट’ (आयोजनों) की राजनीति में विश्वास रखती है, जबकि धरातल पर काम शून्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही युवाओं, गरीबों और आम जनता के हक की लड़ाई लड़ती आई है। पाटिल के अनुसार, जनता अब भाषणों और सच्चाई के बीच का अंतर समझ चुकी है। नगर निगम चुनाव में जीत का दावा चुनाव प्रचार के दौरान रजनी पाटिल ने दावा किया कि हिमाचल की जनता का झुकाव स्पष्ट रूप से कांग्रेस की ओर है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम चुनावों के नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आएंगे और यह जीत भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता का कड़ा जवाब होगी। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर खामोश नहीं बैठेगी। पेपर लीक से लेकर महंगाई और बेरोजगारी जैसे विषयों पर पार्टी संसद से लेकर सड़क तक अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *