2 पुलिस वाले UP से बिहार लाकर बेचते थे शराब:एक SP ऑफिस में काम करता है, दूसरा JDU विधायक मंजीत सिंह का बॉडीगार्ड

गोपालगंज में गाड़ियों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने 333 लीटर शराब के साथ 2 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गोपालपुर थाना क्षेत्र के कोटनारहवा गांव के पास हुई। गिरफ्तार जवानों की पहचान अमित कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। राहुल कुमार SP ऑफिस की टेक्निकल सेल में तैनात था, जबकि अमित कुमार JDU विधायक मंजीत सिंह का बॉडीगार्ड था। अमित कुमार फिलहाल कुचायकोट डायल 112 में तैनात है। दोनों पुलिस वाले अपनी गाड़ी से यूपी से बिहार में शराब की यह खेप ला रहे थे। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क को लेकर पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… अमित कुमार JDU विधायक का बॉडीगार्ड था गोपालपुर थाना पुलिस नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी, तभी कोटनारहवा गांव के पास एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में शराब मिली। गाड़ी में मौजूद लोगों की पहचान होने पर पुलिसकर्मी हैरान रह गए, क्योंकि वे दोनों बिहार पुलिस के जवान थे। अमित कुमार JDU विधायक मंजीत सिंह का बॉडीगार्ड था। अभी वो कुचायकोट डायल 112 में तैनात है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जवान अमित कुमार का विवादों से पुराना संबंध रहा है। अमित कुमार को पहले भी हर्ष फायरिंग के एक मामले में निलंबित किया जा चुका था। शराब तस्करी के इस ताजा मामले में गिरफ्तारी ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विधायक बोले- मैंने लेटर लिखकर दिया फिर भी अमित को नहीं हटाया बरौली के जेडीयू विधायक मंजीत सिंह ने बताया कि अमित कुमार मेरे पास 1 जनवरी को आया था। इससे पहले उसके ऊपर हथियार प्रदर्शन का केस दर्ज था। बेतिया में ऐसे दागी लोगों को अंगरक्षक के लिए दिया गया है। संदिग्ध स्थिति देखकर 4 दिन पहले मैंने अमित को हटाने के लिए SP को लिखित आवेदन दिया था। फिलहाल वह गिरफ्तार और सस्पेंड है। मेरे द्वारा लिखकर देने के बावजूद नहीं हटाया गया, ये गलती पुलिस की है। ड्यूटी के बाद निजी गाड़ी से निकले थे दोनों दोनों जवान ड्यूटी खत्म करने के बाद अपनी निजी गाड़ी से निकले थे और उसी दौरान शराब की खेप के साथ पकड़े गए। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। इस पूरे मामले पर सदर SDPO प्रांजल ने बताया, गोपालपुर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान दो पुलिस जवानों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई है। दोनों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।साथ ही विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों जवान निजी वाहन से शराब की तस्करी कर रहे थे। पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। दोनों पुलिसकर्मियों को किया गया निलंबित SP विनय तिवारी ने बताया, गिरफ्तार दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान गिरफ्तार पुलिसकर्मियों की निशानदेही पर इस अवैध शराब कारोबार में संलिप्त एक अन्य अभियुक्त मलही, कुचायकोट निवासी जाहिद खान के बेटे अहमद रजा खान उर्फ सारूक को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *