वैशाली में तेज आंधी से पेड़ गिरा, सड़क जाम:SH-74 पर बरगद गिरने से यातायात बाधित हुए, लोग फंसे

वैशाली थाना क्षेत्र में SH-74 पर बुद्धा वर्ल्ड स्कूल के पास तेज आंधी के कारण एक विशाल बरगद का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे पूरा मार्ग अवरुद्ध हो गया और यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर में अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज आंधी चलने लगी। हवा इतनी तीव्र थी कि सड़क किनारे खड़ा वर्षों पुराना बरगद का विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क के बीचों-बीच आ गिरा। पेड़ गिरने से आसपास अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूरा इलाका जाम की चपेट में आ गया। राहत की बात यह रही कि पेड़ किसी व्यक्ति, राहगीर, बाइक या अन्य वाहन पर नहीं गिरा, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह पेड़ कुछ मिनट पहले गिरा होता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दी गई। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को सूचित किया और जल्द से जल्द पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल, लोग प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं और यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *