नूरपुर बेदी हत्याकांड के 5 आरोपी गिरफ्तार:मास्टरमाइंड सहित 4 अभी फरार; मुख्यारोपी की गिरफ्तारी तक परिजनों का संस्कार से इनकार

रूपनगर जिले के नूरपुर बेदी स्थित शाहपुर बेला गांव में हरमुल सिंह हत्याकांड मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि वारदात का मुख्य साजिशकर्ता दरबारा सिंह समेत चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। डीएसपी आनंदपुर साहिब जसदीप सिंह ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह घटना 10 मई की शाम करीब 7 बजे नूरपुर बेदी में भुल्लर इलेक्ट्रॉनिक्स के पास हुई थी, जहां हरमुल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन आरोपी हरजोत सिंह, गुरविंदर सिंह और आदित्य को गिरफ्तार कर लिया था। हत्या के लिए अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक उपलब्ध कराई जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी हरजोत के पिता हरमिंदर सिंह ने हत्या के लिए अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक उपलब्ध कराई थी। इसके बाद पुलिस ने हरमिंदर सिंह और साजिश में शामिल अमरीक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद मृतक के परिजनों में रोष व्याप्त है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे पुलिस की अब तक की जांच से संतुष्ट हैं, लेकिन जब तक मुख्य साजिशकर्ता दरबारा सिंह (हीरपुर निवासी) और उसके तीन अन्य साथी गिरफ्तार नहीं हो जाते, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम या अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा: डीएसपी डीएसपी जसदीप सिंह ने बताया कि एफआईआर नंबर 58 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार आरोपी सतविंदर सिंह, सतवंत सिंह, दरबारा सिंह और गुरदीप सिंह को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी ने कहा कि पुलिस परिवार के साथ खड़ी है और मामले को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा। मामले में कुल 9 आरोपी इस मामले में कुल 9 आरोपी हैं, जिनमें से 5 को गिरफ्तार किया जा चुका है और 4 अभी फरार हैं। पुलिस ने एक 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक, एक बोलेरो और एक टोयोटा कार बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ धारा 103, 3(5) BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *