अमृतसर के बोहडू पुल इलाके में एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान तरनतारन निवासी डेविड मसीह के तौर पर हुई है। मृतक की पत्नी पिंकी मसीह ने पुलिस को बताया कि डेविड के पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। इस बात को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। परिवार ने उन्हें समझाने का प्रयास किया था, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पिंकी मसीह के अनुसार, महिला के पति अशोक कुमार ने कुछ अन्य युवकों के साथ मिलकर बोहडू पुल के पास डेविड मसीह पर तेजधार हथियारों से हमला किया। इस हमले में डेविड की मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने जल्द ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी महिला के पति अशोक कुमार को शक था कि डेविड उसकी पत्नी को लेकर अमृतसर की ओर जा रहा था। अशोक ने उनका पीछा किया और बोहडू पुल के पास डेविड को घेरकर उस पर हमला कर दिया। गले और छाती पर किया वार डेविड पर तेजधार हथियार से दो वार किए गए, जिनमें से एक गले पर और दूसरा छाती पर किया गया। डेविड को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला अवैध संबंधों को लेकर हुए विवाद का परिणाम प्रतीत होता है।