पठानकोट नगर निगम की चुनावी बिसात बिछ चुकी है, लेकिन इस बार का रण दिग्गज चेहरों की गैरमौजूदगी और ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति के बीच फंसा है। जहां कांग्रेस और भाजपा ने अपनी अधिकांश सूचियां जारी कर दी हैं, वहीं, कई वार्डों पर अब भी सस्पेंस बरकरार है।
सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि कांग्रेस के पूर्व मेयर पन्ना लाल भाटिया और भाजपा के अनिल वासुदेवा चुनावी मैदान से बाहर हैं। जिससे कई वार्डों में समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। 50 वार्डों में से कांग्रेस ने 8 के टिकट होल्ड कर रखे हैं तथा भाजपा ने 3 वार्डों के कैंडीडेट पेंडिंग रखे हैं।
अकाली दल ने 23 कैंडीडेटों की लिस्ट पहले ही जारी कर दी है। जबकि, आम आदमी पार्टी अभी तक 50 वार्डों में अपने चेहरों का ऐलान नहीं कर पाई है। पूर्व मेयर पन्ना लाल भाटिया और वासुदेवा रिप्लेस
वार्ड 9 में पूर्व मेयर अनिल वासुदेवा चुनाव मैदान में नहीं होंगे। उनकी जगह भाजपा ने पूर्व पार्षद अक्षय महाजन के बेटे नमन को टिकट दिया है। जबकि, इस वार्ड में कांग्रेस अभी अपना कैंडीडेट तय नहीं कर सकी। वहीं, कांग्रेस के पूर्व मेयर पन्ना लाल भाटिया भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। उनके वार्ड 18 से कांग्रेस ने रेणु रतन को उतारा है। जबकि, इस वार्ड से भाजपा ने करिश्मा अग्रवाल को मैदान में उतारा है। अश्वनी शर्मा और पूर्व विधायक अमित विज में प्रतिष्ठा की जंग
पठानकोट का नगर निगम चुनाव अब महज निकाय चुनाव नहीं रह गया है। ये रण अब भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खजांची एवं पूर्व विधायक अमित विज के लिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक प्रतिष्ठा की जंग की तरह माना जा रहा है। क्योंकि, अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव भी होंगे और ये दोनों अपनी-अपनी पार्टियों के अहम दावेदार हैं। दोनों पार्टियों के टिकट बंटवारे में भी इन्हीं दोनों का सर्वाधिक रोल रहा है। धुरंधरों की पत्नियां संभालेंगी मोर्चा
वार्डों की रोटेशन चेंज होने के साथ ही पठानकोट के पुराने राजनीतिक धुरंधरों के चुनाव लड़ने की राह कठिन कर दी। लेकिन, उनकी जगह अब उनकी पत्नियां चुनाव मैदान में मोर्चा संभालेंगीं। कांग्रेस की लिस्ट में वार्ड 6 से कांग्रेस के 4 बार पार्षद रहे जोगिंदर पहलवान की पत्नी वीना बग्गा चुनाव मैदान में उतरी हैं।
कांग्रेस के पूर्व विधायक अमित विज के वार्ड 32 में भाजपा ने कई बार के पार्षद रोहित पुरी की पत्नी रिंपी पुरी को उतारा है जिसके खिलाफ कांग्रेस ने बबिता जसवाल को कैंडीडेट बनाया है। वार्ड 48 में कांग्रेस के सीनियर लीडर और कॉरपोरेटर नितिन लाडी की पत्नी शैली महाजन के खिलाफ भाजपा ने कनिका महाजन को उतारा है।