हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) अशोक तिवारी ने ‘रीच सेफ ऊना’ (REACH SAFE UNA) रोड सेफ्टी ऐप लॉन्च किया। यह ऐप सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और आम जनता को आधुनिक तकनीक से जोड़ने में सहायक होगा। इस अवसर पर डीसी ऊना जतिन लाल और एसपी सचिन हिरेमठ भी उपस्थित रहे। डीजीपी अशोक तिवारी ने बताया कि यह एप बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना है। ‘रीच सेफ ऊना’ एप के माध्यम से नागरिकों को सड़क सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी, आपातकालीन सहायता, यातायात नियमों की जानकारी और रियल टाइम नेविगेशन जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। जीएनए यूनिवर्सिटी पंजाब के छात्रों ने बनाया है एप यह एप जीएनए यूनिवर्सिटी पंजाब के छात्रों ने एसपी ऊना सचिन हिरेमठ के साथ मिलकर अपनी इंटर्नशिप के दौरान तैयार किया है। इसे गूगल मैप के अंतर्गत विकसित किया गया है, जो वाहन चालकों को सटीक मार्गदर्शन प्रदान करेगा। डीजीपी ने आम जनता से सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकृत क्यूआर कोड से एप होगा डाउनलोड उन्होंने सलाह दी कि एप को केवल अधिकृत क्यूआर कोड (QR Code) या स्थापित लिंक (Established Link) के माध्यम से ही डाउनलोड करें। उन्होंने लोगों को फर्जी ऐप्स और एपीके फाइलों (APK Files) से सावधान रहने की चेतावनी भी दी, ताकि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या डेटा सुरक्षा संबंधी खतरे से बचा जा सके। अशोक तिवारी ने यह भी कहा कि हिमाचल पुलिस भविष्य में भी जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसी तकनीकी पहलों को जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही यह ऐप राज्य स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए तैयार की जाएगी। ऐप से वाहन चालकों को ऊना जिले में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी मिल सकेगी। ऐप से वाहन चालकों को ऊना जिले में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की जानकारी मिल सकेगी। यह ऐप वाहन चालकों को रियल टाइम नेविगेशन प्रदान करेगा। साथ ही इस ऐप से वाहन चालकों को सड़क पर होने वाले हादसों जानकारी, अलर्ट और कंट्रोल रूम को सूचना देने का फीचर भी मिलेगा।