फरीदाबाद शहर में एक तरफा प्यार में पागल युवक ने एक युवती के बाप की जान ले ली। आरोपी ने गला दबाकर व्यक्ति की हत्या की और हत्या करने के बाद अपने घर पहुंचकर पिता को बताया कि उसने एक मर्डर कर दिया है। मृतक आरोपी को अपनी बेटी से मिलने से रोकता था। इसी को लेकर आरोपी ने योजना बनाकर युवती के बाप को रास्ते से हटाने की योजना बनाकर हत्या कर दी। परिवार के लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पिछले करीब डेढ़-दो साल से आरोपी (करण) युवती के साथ छेड़खानी जैसी हरकतें करता आ रहा है। अक्सर वह युवती को घर से बाहर आते-जाते समय परेशान करता था। युवती के भाई के मुताबिक आरोपी उनकी बहन को रोक कर बात करने की कोशिश करता था। आरोपी ने कई बार युवती का हाथ भी पकड़ लिया था। एक ही कंपनी में काम करते थे दोनों पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों फरीदाबाद की एक कंपनी में काम करते थे। कंपनी के अंदर आरोपी के द्वारा युवती के साथ गलत हरकत करने पर उसको कंपनी प्रंबधक ने करीब एक महीने पहले नौकरी से निकाल दिया था। लेकिन उसके बाद भी वह कंपनी पहुंच जाता करता था। कंपनी से बाहर निकलते ही वह युवती का पीछा किया करता था। जिससे तंग आकर युवती ने कुछ दिन पहले ही नौकरी छोड़ दी थी। आरोपी की गलत हरकतो को लेकर दोनों के परिवारों के बीच में पहले भी झगड़ा हो चुका था। जिसको समाज में बैठकर निपटा लिया गया था, लेकिन उसके बाद भी आरोपी करण युवती का पीछा नही छोड़ रहा था। पिता बेटी से मिलने से रोकता था पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मुकेश आरोपी करण को अपनी बेटी से मिलने से रोकता था। इसी को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो गई थी। लेकिन करण मना करने के बाद भी मुकेश की बेटी से मिलने की कोशिश करता था। घटना के दिन भी करण मृतक मुकेश के घर पहुंचा था और घर में घुसने की कोशिश की थी। इसी को लेकर दोनों के बीच में झगड़ा हो गया था। मृतक यूपी, आरोपी हरियाणा का रहने वाला पुलिस के मुताबिक मृतक मुकेश कुमार (50) मूलरूप से मेरठ के रहने वाला था और करीब 36 सालों से सारंग चौपाल स्थित ठाकुर मोहल्ला में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। मुकेश एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करते थे। आरोपी करण हरियाणा के झज्जर का रहने वाला है और पिछले काफी समय से इसी मोहल्ले में मृतक के घर से कुछ ही दूरी पर रहता है। आरोपी अपने परिवार में सबसे छोटा है। उसके दो बड़े भाई है, जो नौकरी करते है लेकिन आरोपी नौकरी से निकाले जाने के बाद घर पर रह रहा है। घर में घुसने को लेकर विवाद मृतक परिवार से भतीजे रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरूवार को आरोपी करण शराब के नशे में मृतक मुकेश (50) के घर पर पहुंचा। जहां पर उसने जबरन घर में घुसने की कोशिश की। विवाद होने पर पड़ोस में रहने वाले लोग भी आ गए, जिन्होंने उसको से समझाने की कोशिश की, लेकिन वह गाली-गलौज करने लगा और झगड़ा करने लगा। जिसके कुछ समय बाद करण वहां से चला गया। झगड़े के बाद वापस घर आया पुलिस के मुताबिक 14 मई की शाम को करण मृतक के घर पहुंचा और वह मुकेश को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। नंगला-खेड़ी गुजरान रोड पर पर दोनों के बीच में इसी बात को लेकर विवाद होने लगा। युवती के पिता करण को उसकी बेटी से मिलने से रोकने की बात कह रहा था। जिसको लेकर करण ने गुस्से में आकर मुकेश के साथ मारपीट कर डाली। आरोपी करण ने मुकेश को जमीन पर पटक कर उसका गला दबा दिया। जिससे मुकेश की मौत हो गई। मर्डर करने के बाद आरोपी वहां से भाग आया और अपने घर पहुंच गया। रात को घर ना आने पर तलाश शुरू देर शाम तक अंधेरा होने के बाद जब मुकेश घर नही पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। मृतक की बेटी ने परिवार के दूसरे लोगों को बताया कि करण उनके पापा को लेकर गया है। जिसके बाद परिजन करण की तलाश करते हुए उसके घर पहुंच गए। पुलिस के सामने कबूला हत्या का राज मृतक के परिजन आरोपी करण को लेकर सारन पुलिस थाना पहुंचे। जहां पर पुलिस के सामने बिना किसी डर के आरोपी ने हत्या की बात कबूल ली। आरोपी ने बताया कि उसने मुकेश की गला दबाकर हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर देर रात करीब दो बजे नगला से नेकपुर जाने वाले रास्ते पर पड़ने वाले जंगल में तलाश की, जहां से मुकेश का शव बरामद किया गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की मृतक की बेटी के साथ जान-पहचान थी। मृतक मुकेश आरोपी करण को अपनी बेटी से मिलने से रोकता था। इसी को लेकर पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी थी। इसी को लेकर आरोपी ने मुकेश को रास्ते से हटाने की योजना तैयार की। पुलिस आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी।