सोनीपत जिले के खरखौदा में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब कोर्ट में पेशी भुगतकर बाहर निकले एक युवक की अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात SDM कार्यालय के बाहर हुई। जहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में युवक की गाड़ी को टक्कर मारकर उसे रोक लिया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां युवक के सिर और मुंह पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बरेजा गाड़ी में फरार हो गए। घटना के बाद अदालत परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पत्नी के केस में पेशी भुगतने आया था युवक मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान नीरज उर्फ कातिया पुत्र नारायण सिंह निवासी गांव दुलधन थाना बेरी, हाल निवासी सेक्टर-37C गाड़ोली खुर्द गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नीरज अपनी पत्नी नीतू द्वारा साल 2019 में दर्ज करवाए गए मुकदमा धारा 498A, 323, 406 और 506 आईपीसी थाना खरखौदा में पेशी भुगतने के लिए चौधरी सूर्यकरण जेएमआईसी अदालत खरखौदा में आया हुआ था। SDM कार्यालय के बाहर रची साजिश पुलिस जांच में सामने आया है कि पेशी खत्म होने के बाद जैसे ही नीरज उर्फ कातिया कोर्ट परिसर से निकलकर SDM कार्यालय के बाहर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद 3 से 4 अज्ञात हमलावरों ने उसकी गाड़ी को निशाना बना लिया। आरोपी एक बरेजा गाड़ी में सवार होकर आए थे। बदमाशों ने पहले उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और फिर उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी। सिर और मुंह पर लगी गोलियां, मौके पर मौत हमलावरों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग में नीरज के सिर और मुंह पर कई गोलियां लगी। गंभीर चोटों के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले आरोपी फरार हो चुके थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू सूचना मिलते ही थाना खरखौदा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी के एंगल पर जांच प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश और आपसी विवाद से जोड़कर देख रही है। जिस तरह से आरोपियों ने पहले से घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया, उससे साफ है कि हत्या की पूरी साजिश पहले से रची गई थी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।