अमृतसर के अंतर्गत आने वाले रमदास के सुधार गांव में पेट्रोल बम हमले और फायरिंग मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अमृतसर देहात पुलिस ने 4 आरोपियों को आज अरेस्ट कर नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी कहां हुई। इसकी पुलिस ने जानकारी नहीं दी। मामले की जानकारी देते हुए SSP सोहेल मीर ने बताया कि 9 मई की रात करीब 11 बजे सुधार गांव में एक सरपंच के घर पर पेट्रोल बम फेंका गया था। घटना से पहले ही सरपंच को विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नाम पर लगातार रंगदारी की धमकियां मिल रही थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस ने की थी विशेष टीमें गठित पुलिस ने गंभीरता को देखते हुए तुरंत विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कुलविंदर सिंह, आकाशदीप सिंह कौड़ा, आकाशदीप सिंह बाबा और जगतार सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे और उन्हें वीडियो कॉल के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे। वारदात से पहले मीट शॉप पर इकट्ठा हुए थे आरोपी जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात से पहले सभी आरोपी एक मीट शॉप पर एकत्र हुए थे, जहां पेट्रोल बम तैयार किया गया और मोटरसाइकिल की व्यवस्था की गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से सरपंच के घर हमला किया गया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह पहले भी इसी गांव में एक अन्य सरपंच के घर फायरिंग की घटना को अंजाम दे चुका है। विदेश में बैठे हैंडलरों के परिजनों की भूमिका की भी जांच जारी एसएसपी सोहेल मीर ने बताया कि मामले में विदेश में बैठे कुछ हैंडलरों के परिजनों की भूमिका भी जांच के दायरे में है और जांच लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं। इसकी अभी जांच चल रही है।