गुरदासपुर में हैंड ग्रेनेड फेंकने के 3 आरोपी गिरफ्तार:एक आरोपी के घर से ग्रेनेड बरामद; विदेशी हैंडलर से जुड़े धमाके के तार

गुरदासपुर पुलिस ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 28 अप्रैल को गीता भवन रोड, फेंके गए हैंड ग्रेनेड से जुड़े मामले को ट्रेस कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने अपने एक्स हैंडल पर बताया कि पुलिस ने तकनीकी इनपुट, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि गिरफ्तार किए आरोपी इलाके में एक दुकान के परिसर के पास हैंड ग्रेनेड फेंकने की घटना में शामिल थे। पुलिस की सतर्कता और वैज्ञानिक जांच के चलते आरोपियों की पहचान शीघ्र हो सकी। एक आरोपी के घर से अतिरिक्त ग्रेनेड बरामद पूछताछ और आगे की जांच में एक और महत्वपूर्ण खुलासा हुआ, जिसमें एक आरोपी के घर से एक अतिरिक्त हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया गया। यह बरामदगी मामले की गंभीरता को और अधिक बढ़ा देती है। प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे और उन्हीं के निर्देशों पर कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्हें 2 हैंड ग्रेनेड विदेश स्थित हैंडलर द्वारा उपलब्ध कराए गए थे, जिनका उपयोग क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से किया जाना था। UAPA और विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज इस गंभीर मामले में पुलिस स्टेशन सिटी, गुरदासपुर में UAPA और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इस साजिश से जुड़े सभी आगे और पीछे के तारों का पता लगाया जा सके। विदेशी हैंडलर्स और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की होगी जांच अधिकारियों के अनुसार, जांच का दायरा केवल गिरफ्तार आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें विदेशी हैंडलर्स और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस टीम सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *