गयाजी के मोहनुपुर प्रखंड में बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। विधायक ने आरोप लगाया है कि काफिले को सुनियोजित तरीके से रोका गया। इसके बाद हमको और हमारे सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई की गई। इस दौरान जान से मारने की कोशिश की गई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि विधायक की गाड़ी के सामने एक पिकअप वैन खड़ी है। विधायक गाड़ी में बैठी हैं, लेकिन सुरक्षाकर्मी नीचे उतरकर हमला करने वालों को हटा रहे हैं। इस दौरान कुछ लोग उग्र होकर सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हैं। विधायक को कहते हैं- सड़क कब बनेगी। इस मामले में विधायक ने मोहनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, पलटु यादव, सुनील यादव, दीपक यादव, सीता यादव, कारु मालाकार, राहुल मालाकार, विक्रम ठाकुर समेत अन्य ने रास्ता रोककर जानलेवा हमला किया है। इन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब सिलसिलेवार जानिए मामला रविवार दोपहर को विधायक ज्योति मांझी बुमुआर पंचायत के गंभीरा गांव जा रही थी। इस दौरान बाराचट्टी प्रशासन बिंदा तक सुरक्षित छोड़कर वापस लौट गई। जैसे ही उनका काफिला नदी पार कर गंभीरा गांव जाने वाले रास्ते में पहुंचा तो सामने से आ रही एक सवारी गाड़ी ने रास्ता रोक दिया। गाड़ी में विधायक के अलावा सुरक्षाकर्मी बैठे थे। सुरक्षाकर्मी गाड़ी से उतरकर सामने वाली गाड़ी को साइड करने को कहा तो 15 से 20 लोग उग्र हो गए। इस दौरान लोगों ने सुरक्षाकर्मियों का कॉलर पकड़कर मारपीट की। इसके साथ ही जाति सूचक गंदी गालियां दी गई। विधायक की गाड़ी तक पहुंचकर शीशे पर हमला किया गया। अंदर बैठी विधायक को निशाना बनाते हुए अभद्र व्यवहार किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से सुरतक्षित निकली विधायक उग्र लोगों को देख ज्योति मांझी दहशत में आ गईं। फिर विधायक ने अपने स्थानीय लोगों को घटना की सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी और उन लोगों की की मदद से किसी तरह सुरक्षित निकली। विधायक ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि साल 2025 विधानसभा चुनाव के समय से हमपर हमले हो रहे हैं। इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को पहले भी दी गई, लेकिन हालात नहीं बदले। विधायक ने इस बार घटना का वीडियो और तस्वीर भी पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपे हैं। शिकायत के आधार पर की जा रही कार्रवाई बोधगया डीएसपी अमित जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पहुंचे। मामले की जांच शुरू कर दी है। विधायक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है। केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।