शिमला में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने खोला मोर्चा:पेट्रोल-गैस के बढ़े दामों पर जताई चिंता, बोले- चूल्हा फूंकने पर मजबूर हैं महिलाएं

शिमला के रामपुर में शनिवार शाम को ब्लॉक कांग्रेस ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार को घेरते हुए एक रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने देश की राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन रामपुर के एसडीएम (SDM) हर्ष अमरेंद्र सिंह के माध्यम से भेजा गया। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई है कि महामहिम राष्ट्रपति इस बेहद गंभीर विषय पर तुरंत हस्तक्षेप करेंगी और देश की आम जनता को आर्थिक राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और अन्य सभी आवश्यक घरेलू वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का जीना मुहाल कर दिया है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि आज हमारे पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें काफी अधिक हैं। ईंधन के दाम बढ़ने से परिवहन लागत (Transportation Cost) में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर रोजमर्रा की जरूरतों के सामान पर पड़ रहा है। इसके कारण आज बाजार में दूध, अनाज, दालें और हरी सब्जियों के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर होकर आसमान छू रहे हैं।” उज्ज्वला योजना पर तंज: दोबारा चूल्हा और लकड़ी फूंकने को मजबूर हुईं महिलाएं शर्मा ने रसोई गैस की कीमतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि व्यावसायिक रसोई गैस सिलेंडर के दामों में पिछले कुछ समय में 50 से 60 प्रतिशत तक की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। इसके बावजूद कई ग्रामीण इलाकों में समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध भी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महंगाई के इस दौर में केंद्र सरकार की ‘उज्ज्वला योजना’ पूरी तरह हांफ चुकी है, क्योंकि इसके गरीब लाभार्थी अब दोबारा महंगा सिलेंडर न खरीद पाने के कारण लकड़ी और पारंपरिक चूल्हे का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोलियम पदार्थों पर अत्यधिक टैक्स (Excise Duty) वसूल कर अपनी जेबें भर रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद रहे प्रमुख नेता एसडीएम रामपुर के माध्यम से राष्ट्रपति को मांग पत्र सौंपने के दौरान ब्लॉक कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनमें देशरत्न गौतम, राजीव ठाकुर, खेल चंद नेगी, आरडी कंवर, डीडी कश्यप, यशपाल सोनी और बिमला शर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने महंगाई के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *