यूपी में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) मनाई जा रही है। नमाजियों की संख्या अधिक होने के चलते ज्यादातर शहरों में दो शिफ्टों में नमाज अदा की जा रही है। आगरा के ताजमहल परिसर में 5 हजार लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। यहां नाइजीरियन पर्यटकों ने भी नमाज अदा की। संभल-वाराणसी में ईदगाह और मस्जिदों के बाहर पुलिस की तैनाती की गई है। कानपुर में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। ललितपुर में नमाज पढ़ने के बाद एसपी मो. मुश्ताक ने बाहर खड़े गरीबों को पैसे दिए। बिजनौर में सांसद चंद्रशेखर आजाद ईदगाह पहुंचे। उन्होंने नमाजियों पर पुष्प-वर्षा की। बुलंदशहर में ईदगाह मस्जिद में भीड़ अधिक होने पर कुछ लोग बाहर नमाज पढ़ने की कोशिश करने लगे। सीओ ने उन्हें रोका तो नमाजी नाराज हो गए। उन्होंने सपा नेता और पूर्व विधायक होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा से शिकायत की। इसके बाद नेताओं और सीओ विकास चौहान के बीच तीखी बहस हुई। हंगामा बढ़ता देख सीओ ने नेताओं के सामने हाथ जोड़ लिए। कहा- आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं। यहां से चले जाइए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और अखिलेश यादव लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह जा सकते हैं। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने अपील की है कि मस्जिद और ईदगाह के अंदर ही नमाज अदा करें। कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज न पढ़े। इसके अलावा कुर्बानी घर के अंदर या निर्धारित स्लॉटर हाउस में ही करें। खुले में कुर्बानी न करें। बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ईद की बधाई दी है। तस्वीरें देखिए- यूपी में बकरीद से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…