सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा आज (गुरुवार को) फतेहाबाद में जिला विकास एवं समन्वय समिति (दिशा) की मीटिंग लेने पहुंची। यह मीटिंग लघु सचिवालय के पास स्थित डीपीआरसी हॉल में हुई। मीटिंग में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, बजट खर्च और लाभार्थियों तक पहुंच को लेकर रिपोर्ट ली गई। मीटिंग में सांसद कुमारी सैलजा ने नगर परिषद के एमई को चिल्ली झील के मुद्दे को लेकर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने एमई से कहा कि बार-बार मीटिंग में सुनना आपको अच्छा लगता है। कम से कम चिल्ली की सफाई तो करवाइए। सफाई करवाने के लिए भी बारिश का इंतजार क्यों करना पड़ता है। मैं हर मीटिंग में पूछती हूं, लेकिन हर बार वही जवाब दे दिया जाता है। उन्होंने कहा कि चिल्ली झील में घास उगी हुई है। यहां आकर जिस तरह जवाब देते हो, जाकर कुछ नहीं करते। खुद को भी लगना चाहिए़, कि अगली बार पूछेंगे तो क्या जवाब देंगे। किस मुंह से आकर जवाब देते हो। क्या भरी मीटिंग में ऐसे कहते हैं तो अच्छा लगता है। लोगों की तो आपने सुननी नहीं है। लोग हमारे पास आते हैं। न लोगों की सुन रहे, न जनप्रतिनिधियों की। आप लोगों का तरीका ठीक नहीं है। एमई ने जब जवाब देना चाहा तो सैलजा ने कहा कि एक-दूसरे को टोपी पहनाना बंद कीजिए। कौन सा डिपार्टमेंट क्या काम कर रहा है, इसका पता तो होना चाहिए। DHBVN एसई से पूछा-आप ऑफिस में बैठते हो ना मीटिंग में सांसद ने बिजली निगम से संबंधित समस्याओं को भी रखवाया। इस दौरान उन्होंने बिजली निगम के एसई एसएस रॉय से पूछा कि आप ऑफिस में बैठते तो हो ना। इस पर एसई ने जवाब दिया कि पहले उनके पास हिसार व फतेहाबाद दोनों का चार्ज था। अब सिर्फ फतेहाबाद का ही चार्ज है, तो रोजाना ऑफिस आते हैं। हर मंगलवार को शिकायत निवारण समिति द्वारा उनकी खुद की अध्यक्षता में शिकायतें सुनकर उनका समाधान भी करवाया जाता है। इसके बाद कुछ वर्कर्स ने एसई को अपने-अपने एरिया की बिजली संबंधी समस्याएं भी बताई। सांसद सैलजा ने एसई को इन समस्याओं का समाधान करवाने के निर्देश दिए। पब्लिक-हेल्थ एक्सईएन से बोली-सबसे ज्यादा शिकायतें पानी की कुमारी सैलजा ने पब्लिक हेल्थ की योजनाएं बताने उठे एक्सईएन बलविंद्र नैन से कहा कि उनके पास सबसे ज्यादा तो पीने के पानी की समस्या ही आ रही हैं। गांवों में लगाए गए बोरवेल खराब हो गए हैं। कहीं टाइम पर पीने का पानी नहीं मिल रहा। कहीं मिल रहा तो पर्याप्त सप्लाई नहीं है। इस पर एक्सईएन ने जवाब दिया कि हमारे पास रूटीन की बहुत कम शिकायतें आती है। अभी तो पीने की दिक्कत नहीं है। इसके बाद गांव भिरडाना के दो युवकों ने एक्सईएन के सामने ही कहा कि भिरड़ाना बहुत बड़ा गांव है जबकि वहां सिर्फ 40 मिनट सप्लाई आती है। लोगों को टैंकर मंगवाकर पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। गांव में बुरा हाल है। इस पर एक्सईएन ने कहा कि वे खुद गांव में जाकर निरीक्षण कर लेंगे। सभी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। मीटिंग में किसानों के मुद्दों से लेकर पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस रहा। सांसद ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को अगली बार मीटिंग में कॉन्ट्रैक्टर को भी बुलाने के निर्देश दिए। कार्यकर्ताओं से भी की मुलाकात दिशा मीटिंग से पहले सांसद कुमारी सैलजा ने पुराने रेस्ट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व प्रधानमंत्री स्व.राजीव गांधी को श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने राजीव गांधी द्वारा आमजन के लिए करवाए गए कार्यों को याद करते हुए उन्हें नमन किया। इस मौके पर टोहाना विधायक परमवीर सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद शर्मा, जिला पार्षद प्रतिनिधि जसमेर सिवाच समेत कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।