अंबाला कैंट में स्थित नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार दोपहर एक मरीज ने करीब 20 मिनट तक हंगामा किया। आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर से बदसलूकी की और बीच-बचाव करने आए सुरक्षाकर्मी पर फर्श साफ करने वाला केमिकल फेंक दिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक अस्पताल में अपनी एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) कटवाने आया था। ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर रिद्धि उस समय अन्य गंभीर मरीजों का उपचार कर रही थीं। डॉक्टर ने बताया कि आरोपी अचानक बिना किसी उकसावे के गाली-गलौच करने लगा। महिला डॉक्टर से की बदसलूकी अंबाला कैंट अस्पताल की महिला डॉक्टर रिद्धि ने बताया कि मैं इमरजेंसी में ड्यूटी पर थी। एक व्यक्ति MLR कटवाने के लिए आया था। उस समय इमरजेंसी में काफी भीड़ थी, जिसमें तीन सामान्य मरीज और दो ‘ब्रॉट डेड’ (मृत) केस थे। मैंने उस मरीज से केवल 2 मिनट का समय मांगा ताकि मैं मृत व्यक्तियों की बॉडी को देख सकूं, लेकिन जब मैं वापस आई तो मरीज ने हंगामा करना शुरू कर दिया और मेरे साथ गाली-गलौज की। मेरे समझाने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ और हिंसक व्यवहार करने लगा। गार्ड के साथ की हाथापाई जब सुरक्षा गार्ड ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो मरीज और गार्ड के बीच हाथापाई हुई जो माइनर ओटी तक जा पहुंची। वहां फर्श साफ करने वाला केमिकल रखा था, जिसे मरीज ने गार्ड की आंखों में डाल दिया। जब उसने मुझ पर हमला करने का प्रयास किया, तो मैंने अपना हाथ आगे कर खुद को बचाया। इस घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर जाँच शुरू कर दी है। मैंने इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज करवा दी है और अब उचित कानूनी कार्यवाही की जा रही है। सिक्योरिटी गार्ड के चेहरे पर मारी केमिकल की बोतल हाथापाई के दौरान आरोपी की नजर पास ही रखी फर्श साफ करने वाले केमिकल की बोतल पर पड़ी। उसने बोतल उठाकर सिक्योरिटी गार्ड जसप्रीत के चेहरे पर दे मारी। केमिकल गार्ड की आंखों और चेहरे पर गिरने से वह दर्द से कराहने लगा और जमीन पर गिर गया। इस घटना में वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति के कपड़े भी केमिकल से झुलस गए। अस्पताल में हुए इस बवाल की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को बड़ी मुश्किल से काबू किया और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। घायल सुरक्षाकर्मी जसप्रीत सिंह का अस्पताल में ही प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है। अस्पताल स्टाफ में रोष इस घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ में भारी रोष है। स्टाफ का कहना है कि आए दिन मरीजों या उनके तीमारदारों द्वारा डॉक्टरों के साथ बदसलूकी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की है कि ड्यूटी पर तैनात मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाए जाएं और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।