गोपालगंज पुलिस ने मोकामा से JDU विधायक और बाहुबली अनंत सिंह पर FIR दर्ज की है। 3 दिन पहले अनंत सिंह गोपालगंज के मीरगंज में एक जनेऊ कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उनके समर्थकों ने खुलेआम हथियार लहराए थे। इसी कार्यक्रम में अश्लील डांस भी हुआ था। अनंत सिंह डांस पर तालियां बजाते दिखाई दिए थे। हथियार लहराने और डांस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला गया था। इस पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया है। पुलिस ने 9 नामजद समेत कई लोगों पर केस दर्ज किया है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… अश्लील डांस और हथियारों का प्रदर्शन करने पर FIR पूरा मामला मीरगंज के सेमराव गांव में गुड्डू राय के घर 2 और 3 अप्रैल को जनेऊ संस्कार के कार्यक्रम का है। जनेऊ में अनंत सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शामिल हुए थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे और उनके लिए ठहरने और खाने-पीने की खास व्यवस्था की गई थी। इस दौरान अवैध / प्रतिबंधित, लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन / लहराया गया। साथ ही अश्लील डांस का प्रसारण किया गया। उक्त कृत्य का वीडियो बनाकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसारित भी किया गया। कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो तेजी से वायरल हुए। वीडियो सामने आते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और जांच शुरू कर दी गई। FIR में अनंत सिंह समेत इन 9 लोगों के नाम SP विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ SDPO ने वीडियो की जांच की। सत्यापन के दौरान कुछ व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जो अवैध / प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे और अश्लील डांस में शामिल थे। साथ ही उसका वीडियो बनाकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसारित कर रहे थे। इस संबंध में मीरगंज थाना कांड संख्या-247/26, दिनांक 04.05.26 वीडियो सत्यापन के बाद 9 नामजद और अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव के साथ अनंत सिंह और गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। हथियार प्रदर्शन और अश्लीलता के आरोप पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि समारोह के दौरान लाइसेंसी और प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना। साथ ही अश्लील डांस और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप भी दर्ज किए गए हैं। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अनंत सिंह की मुजरा देखते हुए 3 तस्वीरें… आगे की सीट पर बैठे अनंत सिंह, नोट लुटाते रहे लोग वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि विधायक अनंत सिंह आगे की सीट पर बैठे हुए हैं और मुजरा देख रहे हैं। जब डांसर उनके पास आकर नाचती है, तो वे ताली बजा अपनी खुशी का इजहार करते हैं। वहीं डांस के दौरान कई लोग नोटों की बारिश करते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ लोग हथियार और डांसर के साथ डांस करते नजर आए।
हम कुत्ता-बिलाई को जानबे नहीं करते – अनंत सिंह गोपालगंज जाने के दौरान अनंत सिंह ने पप्पू यादव पर निशाना साधा था। जब उनसे पूछा गया कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव उनके प्रति इतने नाराज क्यों दिख रहे हैं और लगातार उन्हें क्यों निशाना बना रहे हैं। इस पर अनंत सिंह ने पलटकर पूछा कि पप्पू यादव कौन है? जब पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि वे पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की बात कर रहे हैं। अनंत सिंह ने कहा, ‘हम कुत्ता-बिलाई को जानबे नहीं करते।’ उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि यह कुत्ता-बिलाई क्या बोलेगा। दुलारचंद हत्याकांड में आरोपी, 4 महीने बाद मिली बेल बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान 30 अक्टूबर को मोकामा टाल में राजद नेता दुलारचंद की हत्या की गई थी। आरोप अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर लगा। 1 नवंबर की देर रात पटना के SSP कार्तिकेय शर्मा खुद अनंत सिंह के आवास मोकामा पहुंचे और उन्हें गिरफ्तार किया। वो करीब 4 महीने जेल में रहे। 19 मार्च 2026 को पटना हाई कोर्ट से उन्हें नियमित जमानत मिली थी। जिसके बाद 23 मार्च को वो जेल से बाहर आए थे। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें इस मामले में फंसाने की साजिश रची गई थी। अब चुनाव नहीं लड़ेंगे अनंत सिंह जेल से रिहा होने के बाद ही मोकामा विधायक अनंत सिंह ने बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा, अब वो कोई भी चुनाव नहीं लड़ेंगे, उनका बेटा जनता की सेवा करेगा। मोकामा के JDU विधायक अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थन में बड़ा बयान देते हुए कहा था, यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहते हैं, तो मैं भी चुनाव नहीं लड़ेंगे।