अबोहर में मलोट रोड बाईपास स्थित बंद रेलवे फाटक के नीचे रविवार को एक व्यक्ति बेसुध हालत में मिला। आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे देखकर तुरंत सूचना दी, जिसके बाद सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में व्यक्ति की पहचान न्यू कैलाश नगर निवासी करीब 40 वर्षीय पवन कुमार पुत्र कृष्ण लाल के रूप में हुई। मौके से उसकी ई-स्कूटी भी लिंक रोड पर खड़ी मिली, जिससे यह आशंका जताई गई कि वह खुद यहां तक पहुंचा था। मानसिक रूप से था परेशान, सुसाइड के इरादे से ट्रैक पर गया था अस्पताल में उपचार के बाद होश में आए पवन कुमार ने बताया कि वह पेशे से ट्रक ड्राइवर है और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी कारण वह आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे लाइनों के पास पहुंच गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पवन कुमार के परिजन भी सरकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने उसे सही सलामत देखकर राहत की सांस ली और बाद में घर लौट गए। कुछ दूर पर ही खड़ी मिली स्कूटी पुलिस ने बताया कि 40 वर्षीय व्यक्ति रेलवे लाइनों के पास बेसुध हालत में मिला था और उसकी स्कूटी भी नजदीक खड़ी थी। परिवार को सूचित कर दिया गया है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक रूप से परेशान था और आत्महत्या का प्रयास कर रहा था, लेकिन सड़क सुरक्षा फोर्स की तत्परता से उसकी जान बचा ली गई। मामले की जांच जारी है।