अबोहर के घल्लू गांव के निकट कस्सी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव का एक पैर गायब है, जिसे कुत्तों द्वारा नोंचे जाने की आशंका जताई जा रही है। शहर की समाज सेवी संस्था नर सेवा नारायण सेवा समिति ने पुलिस की मौजूदगी में शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। समिति के सेवादार बिट्टू नरूला ने बताया कि उन्हें आज सुबह घल्लू कस्सी में शव अटके होने की सूचना मिली थी। बिट्टू नरूला अपने सहयोगी सोनू ग्रोवर के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मृतक ने सफेद रंग का कुर्ता-पजामा पहना हुआ था और उसकी आयु लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही थी। शव करीब 6-7 दिन पुराना होने के कारण गल चुका था, जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल है। सूचना मिलने पर खुईखेड़ा पुलिस के कर्मचारी हीरा लाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पहचान और पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।