अबोहर में लापता युवक का शव नहर से बरामद:स्कूटी नहर किनारे लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप; बड़े भाई की भी हो चुकी मौत

अबोहर के पंजपीर नगर गली नंबर 5 निवासी एक युवक का शव देर शाम मलूकपुरा माइनर नहर से बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना नंबर 2 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड बिजली कर्मचारी बलदेव सिंह का करीब 32 वर्षीय छोटा बेटा यादविंद्र सिंह उर्फ जोनी शुक्रवार को अपनी स्कूटी लेकर घर से निकला था। देर रात तक वह वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार शाम को झाल के पास दिखा शव तलाश के दौरान उसकी स्कूटी नहर किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। परिवार तथा स्थानीय लोगों ने नहर में उसकी खोजबीन शुरू कर दी थी। शनिवार शाम को झाल के पास नहर में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान यादविंद्र उर्फ जोनी के रूप में की। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों ने मौके पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। अविवाहित था यादविंद्र बताया जा रहा है कि यादविंद्र अविवाहित था और परिवार का छोटा बेटा था। उसके बड़े भाई की भी कुछ समय पहले मृत्यु हो चुकी है। लगातार दूसरी दुखद घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। थाना नंबर 2 की पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *