अबोहर में लूट के इरादे से हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना सोमवार देर रात कंधवाला रोड पर हुई, जब बाइक सवार पिता-पुत्र रेलवे स्टेशन जा रहे थे। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता ने फरीदकोट के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, कंधवाला रोड गली नंबर 3 निवासी अनिल कुमार अपने पिता रामू कुमार को रात करीब 2 बजे रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। कंधवाला रोड स्थित सनराइज होटल के पास दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका। उनकी बाइक रुकते ही 4-5 अन्य लोग भी वहां आ गए और उन्हें घेरकर रुपयों व कीमती सामान की मांग करने लगे। पिता-पुत्र पर ईंट-पत्थरों से किया हमला लुटेरों ने पिता-पुत्र पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। रामू कुमार को गंभीर हालत में फरीदकोट रेफर किया गया था, जहां सोमवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगलवार दोपहर मृतक के शव को अबोहर के अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने थाना नंबर दो के बाहर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। थाना नंबर दो की पुलिस ने बताया कि मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर 6-7 अज्ञात लुटेरों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एसपी के समझाने पर माने परिजन पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है और बाकी हमलावरों की तलाश जारी है। एसपी आसवंत सिंह ने परिवार को समझाते हुए कहा कि वे मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि हत्यारोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर थाना नंबर दो की पुलिस ने अनिल कुमार के बयानों पर 6-7 अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 310 (2), 126 (2), 115 (2), 191 (3) व 190 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।