अमृतसर में आंधी के साथ बारिश, जालंधर में छाए बादल:देर शाम लोगों को गर्मी से मिली राहत; चंडीगढ़ और पठानकोट में मौसम साफ

पंजाब और चंडीगढ़ में देर शाम मौसम ने एक बार फिर करवट ली। दिन के समय ही आसमान पर काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज़ आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में धूल का गुबार छा गया, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए परेशानी का सामना भी करना पड़ा। वहीं बारिश शुरू होते ही मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। इसके साथ ही जालंधर में बादल छाए हुए हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ और पठानकोट में धूप खिली रही। इससे पहले आज मंगलवार की तुलना में तापमान में 1.2 डिग्री की वृद्धि हुई है। हालांकि यह सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे है। फरीदकोट में सबसे अधिक 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक हिमाचल से सटे तीन जिलों पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम संबंधी यलो अलर्ट है। कल भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। वहीं, इस महीने भी सामान्य से 12% अधिक बारिश हुई है। दो जिलों का तापमान 40 डिग्री से पार राज्य में तापमान फिर से बढ़ने लगा है। 2 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 43 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जबकि बठिंडा 40.1 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा फाजिल्का में 39.7 डिग्री, फिरोजपुर में 37.4 डिग्री, लुधियाना में 36.8 डिग्री, पटियाला में 36.7 डिग्री, पठानकोट में 36.6 डिग्री और अमृतसर में 36.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। गुरदासपुर में 35 डिग्री, होशियारपुर में 35.4 डिग्री, कपूरथला-बलाचौर क्षेत्र में 35.2 डिग्री, सलेमपुर में 35.1 डिग्री और केवीके पठानकोट में 35.3 डिग्री तापमान रहा। वहीं चंडीगढ़ शहर में 34.6 डिग्री, रोपड़ में 34.3 डिग्री, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 34.2 डिग्री, थेह डैम में 33.7 डिग्री और मोहाली में 33.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे रहा और अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हुई। 15 मई से नया विक्षोभ एक्टिव होगा मौसम विज्ञान केंद्र मुताबिक इस समय उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है। इसके असर से मौसम में बदलाव बना हुआ है। वहीं 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में पहुंच सकता है, जिससे बारिश, तेज हवाएं और मौसम बदलने की संभावना है। सामान्य से 12% अधिक बारिश पंजाब में 1 से 12 मई 2026 तक औसतन 7.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 6.8 मिमी के मुकाबले 12% अधिक है। कई जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है। फिरोजपुर में सबसे अधिक 210% ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जहां 4.4 मिमी के सामान्य के मुकाबले 13.6 मिमी वर्षा हुई। मोहाली में 177% अधिक बारिश के साथ 13.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। फरीदकोट में 142% अधिक यानी 9.2 मिमी, मोगा में 133% अधिक यानी 10 मिमी और पठानकोट में 120% अधिक यानी 22.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं कुछ जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम रही। मुक्तसर में पूरे महीने एक बूंद भी बारिश नहीं हुई, जिससे यहां -100% की कमी दर्ज की गई। जालंधर में भी लगभग शून्य बारिश रही और यहां -99% कमी दर्ज की गई। कपूरथला में सामान्य 9.1 मिमी के मुकाबले केवल 1.7 मिमी बारिश हुई, जो 81% कम है। आने वाले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम 14 मई – पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। 15 मई – पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला और जालंधर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 16 मई – पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और कपूरथला में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *