अमृतसर में गैस एजेंसी पर सिलेंडर को लेकर हंगामा:बुकिंग रद्द होने से भड़के लोग, लंबी कतारें; गर्मी में बुजुर्ग और दिव्यांग बेहाल

अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में स्थित देशभक्त गैस एजेंसी एक बार फिर विवादों में आ गई है। एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर यहां भारी भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर कतारों में खड़े हो गए, जिससे स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले से सिलेंडर बुक कर रखा है, उनकी बुकिंग बार-बार रद्द कर दी जाती हैं। इस कारण लोगों को रोजाना एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं और घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। भीषण गर्मी के चलते हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बुजुर्ग थकान और गर्मी के कारण वहीं जमीन पर बैठने को मजबूर दिखाई दिए। मौके पर उस समय तनाव और बढ़ गया जब लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की और एजेंसी के कर्मचारियों के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि वहां हाई वोल्टेज ड्रामा जैसा माहौल बन गया और लोगों तथा प्रबंधन के बीच काफी देर तक तकरार चलती रही। घटना की जानकारी मिलने पर मीडिया मौके पर पहुंची, जिसके बाद एजेंसी के मैनेजर ने आगे आकर बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को सुधारा जाएगा और किसी भी उपभोक्ता को बिना गैस सिलेंडर के वापस नहीं लौटाया जाएगा। प्रशासन से समाधान और खास व्यवस्था की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए। साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों के लिए अलग कतार और विशेष व्यवस्था किए जाने की भी मांग उठाई गई है, ताकि उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *