एक दिन के ब्रेक के बाद हिमाचल में मौसम ने फिर करवट ली है। लाहौल और कुल्लू की चोटियों पर शनिवार दोपहर बाद हल्का हिमपात दर्ज किया गया, जबकि निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई। अटल टनल रोहतांग में भी बर्फ के हल्के फाहे गिरे। लाहौल घाटी सहित अन्य ऊंचे क्षेत्रों में भी रुक-रुक कर बर्फबारी जारी रही। मौसम में आए इस बदलाव के चलते कुल्लू और लाहौल-स्पीति सहित आसपास के क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को फिर तापमान में गिरावट आई है। जहां एक ओर पर्यटन सीजन से पहले इस बर्फबारी को पर्यटन के लिए शुभ माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सेब और चेरी की फसल को लेकर बागवानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।शिमला सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह से बादल छाए रहे, हालांकि बीच-बीच में हल्की धूप भी निकलती रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 12, 16 व 17 अप्रैल को प्रदेश के कुछ भागों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की वृद्धि देखी गई। हिमाचल प्रदेश में ‘वेट स्पेल’ का दौर जारी है। शनिवार शाम को मनाली और विश्व प्रसिद्ध अटल टनल के आसपास के इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है।