कनाडा में अमृतसर के युवक की गाड़िया-फूकी:दीवार पर लिखे ‘गो बैक’ के नारे; CCTV में आरोपी स्वयं झुलसता दिखा

कनाडा के ओंटारियो प्रांत से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जिसने प्रवासी भारतीय समुदाय में डर और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, अमृतसर से संबंध रखने वाले एक युवक के घर और उसकी गाड़ियों को अज्ञात हमलावरों द्वारा निशाना बनाया गया। घटना उस समय हुई जब युवक अपने घर के अंदर मौजूद था। इसी दौरान हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों को आग लगाने की कोशिश की, जिनमें से दो वाहनों में आग लगाने में वे सफल रहे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे घर को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। इस घटना में एक आरोपी सीसीटीवी में आग लगाते समय झुलसता हुआ भी दिखाई दे रहा है। पीड़ित पिछले 6 साल से बहन के साथ रह रहा था बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक पिछले करीब छह वर्षों से अपनी बहन के साथ इस घर में रह रहा था और शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहा था। इस अचानक हुई घटना ने न केवल उसे बल्कि आसपास के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है। दीवार पर ‘Go Back’ नारे, नफरत की आशंका गहरी सबसे गंभीर पहलू यह है कि इस हमले के दौरान हमलावरों द्वारा गो बैक जैसे नारे घर की दीवार पर लिखे गए । इससे यह आशंका जताई जा रही है कि यह केवल आगजनी की घटना नहीं, बल्कि एक संभावित नफरत से प्रेरित हमला भी हो सकता है। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *