करनाल में अन्नदाता बैसाखी मिलन समारोह आज:दीपेंद्र हुड्डा- राजबब्बर समेत कांग्रेस के दिग्गज नेता होंगे शामिल, किसानों की समस्याओं पर होगी चर्चा

करनाल जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में आज (रविवार को) अन्नदाता बैसाखी मिलन समारोह पर भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम करनाल के काछवा रोड पर स्थित मेहता फार्म में आयोजित होगा, जिसमें कांग्रेस के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए पंजाब और हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया जाएगा तथा भाईचारे और एकता का संदेश दिया जाएगा। दिग्गज नेताओं की रहेगी मौजूदगी कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व सांसद राज बब्बर, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य सरदार गुरदीप सिंह सप्पल, पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सरदार अमरिंदर राजा वडिंग, एआईसीसी सचिव प्रफुल्ल गुड्डे, एआईसीसी सचिव जितेंद्र बघेल, विधायक अशोक अरोड़ा, विधायक भारत भूषण बत्रा, विधायक आफताब अहमद, विधायक मनदीप चट्ठा और विधायक इंदू राज नरवाल सहित कई प्रमुख नेता विशेष रूप से शामिल होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र शहरी जिलाध्यक्ष पराग गाबा ने बताया कि समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से पंजाब और हरियाणा की समृद्ध परंपरा और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। एकता और भाईचारे का दिया जाएगा संदेश पराग गाबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सभी वर्गों और 36 बिरादरी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। यह आयोजन सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का माध्यम बनेगा। किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा उन्होंने बताया कि समारोह के मंच से किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। किसानों के सामने आ रही चुनौतियों पर चर्चा होगी और उनके समाधान के लिए आवाज बुलंद की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उनके अधिकारों के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *