हरियाणा में आज रात से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ:करनाल में ओले गिरे, दिन में हल्की गर्मी बढ़ेगी; कल से दो दिन बादल छाएंगे

हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 14 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर खुश्क, लेकिन परिवर्तनशील बना रहेगा। आज (रविवार) रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 13 और 14 अप्रैल को देखने को मिलेगा। वहीं, करनाल के तरावड़ी-नीलोखेड़ी क्षेत्र में रात को बारिश के साथ ओले गिरे। करीब 20 मिनट तक बारिश हुई। 10 मिनट तक बरसे ओलों से बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। इस दौरान आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं और बीच-बीच में हवाओं की दिशा व गति में बदलाव होगा। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। इससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी रहने की संभावना है। चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। गुरुग्राम, झज्जर और महेंद्रगढ़ में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री के साथ गुरुग्राम के नॉर्थ कैंपस में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। किसानों के लिए एडवाइजरी मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अगले 3-4 दिनों तक सरसों की कटाई और गहाई रोकने को कहा गया है। कटी हुई फसल को सुरक्षित बांधकर रखने की सलाह दी गई है ताकि तेज हवाओं से नुकसान न हो। भिंडी, लौकी, खीरा, ग्वार जैसी सब्जियों और मूंग-उड़द की बुवाई फिलहाल टालने को कहा गया है। गेहूं की फसल में पीला रतुआ और चेपा रोग की लगातार निगरानी करने की सलाह दी गई है। कीट प्रकोप दिखने पर मौसम साफ होने के बाद ही छिड़काव करें। पशुपालकों को भी पशुओं को हवादार शेड में रखने और खनिज मिश्रण देने की सलाह दी गई है। जानिए 24 घंटे में कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *