पंजाब सरकार के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हालिया कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। रविवार को मानसा बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए ‘आप’ कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इसे ‘प्रतिशोध की राजनीति’ करार दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार ईडी जैसी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा और अन्य नेताओं के घरों पर छापेमारी केवल इसलिए की जा रही है ताकि उन पर दबाव बनाकर उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा सके। नेताओं ने इसे लोकतंत्र की हत्या और राजनीतिक द्वेष की पराकाष्ठा बताया। “डरने वाले नहीं हैं पंजाबी” प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता ऐसी दमनकारी कार्रवाइयों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों का इतिहास लड़ने और जीतने का रहा है, वे डरने वाले नहीं हैं। मोदी सरकार की इन धमकियों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।” पूरे पंजाब में प्रदर्शन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी ‘आप’ नेताओं ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल मानसा तक सीमित नहीं है, बल्कि आज पूरे पंजाब में जिला स्तर पर इसी तरह के रोष प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी ने केंद्र सरकार को चेतावनी दी है कि यदि भाजपा सरकार ने अपनी इन दमनकारी नीतियों और एजेंसियों का गलत इस्तेमाल बंद नहीं किया, तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और भी उग्र किया जाएगा। बस स्टैंड पर यातायात रहा प्रभावित बस स्टैंड पर हुए इस भारी विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंकने का प्रयास किया और मांग की कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना बंद किया जाए। फिलहाल, इस प्रदर्शन ने पंजाब की राजनीति में एक बार फिर केंद्र बनाम राज्य की लड़ाई को गरमा दिया है।