फरीदाबाद में एनकाउंटर के बाद बदमाश अरेस्ट:पुलिस पर 4 राउंड फायर किए, पैर में लगी गोली, हत्या के मामले में वांछित

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मर्डर और हत्या के प्रयास में पिछले काफी समय से फरार चल रहे एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी द्वारा पुलिस पर 4 राउंड फायर किए गए, पुलिस की तरफ से किए गए फायर में आरोपी के पैर में गोली लग गई। आरोपी को पुलिस के द्वारा इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि करीब एक महीने पहले बदरपुर बॉर्डर के पास एक गेस्ट हाउस के बाहर 25 वर्षीय सचिन मेहरा की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी । प्रेम-प्रसंग के चलते 3 युवकों ने सचिन पर हमला किया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सचिन एक निजी अस्पताल में काम करता था। देर रात हुई मुठभेड़ पुलिस को जानकारी मिली की इस घटना का एक आरोपी थाना भुपानी क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने टीम बनाकर देर रात को दबिश दी, लेकिन आरोपी की तरफ से गोलियां चला दी गई। इसके बाद पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई की गई। आरोपी के द्वारा पुलिस पर 4 गोलियां चलाई गई। पुलिस के द्वारा चलाई गई गोलियों में से एक गोली आरोपी के पैर में लग गई। पुलिस के द्वारा आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी का नाम इंदर त्यागी उर्फ पंडित है जो मोल्डबंद दिल्ली का रहने वाला है। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *