गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शिकोहपुर मोड़ के पास एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला है। सूचना मिलने पर खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक व्यक्ति की आंखें बन्द हैं और मुंह खुला हुआ था। उसके सिर से खून बह रहा था और शरीर के कई हिस्सों और कमर में रगड़ व चोट के निशान पाए गए हैं। हालांकि पुलिस ने एक्सीडेंट मानते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पहचान के लिए आसपास के लोगों को भी दिखाया, लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया है। पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा
खेडकी दौला थाने में तैनात सहायक उप-निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मुंशी के माध्यम से सड़क हादसे की सूचना मिली थी। जानकारी दी गई थी कि शिकोहपुर मोड़ के नजदीक स्थित इंडेन पेट्रोल पंप के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का एक्सीडेंट हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन स्टाफ सहित मौके पर पहुंची। मौके पर तड़प कर तोड़ा दम
जब जांच अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे, तो वहां सड़क के बीचों-बीच एक युवक मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। मृतक के सिर से अत्यधिक खून बह रहा था। उसके मुंह और आंखें खुली हुई थीं, जबकि पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर घसीटे जाने व गहरी चोटों के निशान थे। पुलिस के अनुमान के मुताबिक, मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। कानूनी पचड़े से बचते दिखे राहगीर
पुलिस ने हादसे के संबंध में घटना स्थल और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ ही देर पहले एक अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मारी और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। अत्यधिक रफ्तार के कारण कोई भी राहगीर उस गाड़ी का नंबर नोट नहीं कर सका। जब पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से मामले का गवाह बनने या शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया, तो सभी राहगीर अपनी-अपनी मजबूरियां बताकर वहां से चले गए। शिनाख्त के लिए शव मोर्चरी में सुरक्षित
जांच अधिकारी ने तुरंत एक निजी एम्बुलेंस का प्रबंध किया और शव को सिविल अस्पताल, गुरुग्राम पहुंचाया। वहां से जरूरी कागजी कार्रवाई कटवाने के बाद, शव को सुरक्षित शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस जांच कर रही
खेड़की दौला थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान की जा सके। इसके साथ ही मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस हुलिए के किसी व्यक्ति या दुर्घटना के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत स्थानीय थाने को सूचित करें।