चंडीगढ़ में लॉरेंस गैंग के नाम पर एक कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कारोबारी की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की है। मामला आगे की जांच के लिए खरड़ सिटी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। शिकायतकर्ता लवप्रीत सिंह निवासी संते माजरा कॉलोनी, सेक्टर-127 ने एसएसपी चंडीगढ़ को दी शिकायत में बताया कि उनका एक ऑफिस सेक्टर-22बी स्थित मैसेज वाहेगुरु प्रोडक्शंस में भी है। शिकायत के मुताबिक 14 अप्रैल की सुबह उन्हें एक अज्ञात नंबर से धमकी भरी वॉइस रिकॉर्डिंग मिली। कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए लॉरेंस गैंग से जुड़ा होना बताया। 24 घंटे में अंजाम भुगतने की धमकी आरोपी ने 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर 24 घंटे के भीतर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उनकी पत्नी पायल और बेटी अवनीत कौर का नाम लेकर परिवार की निजी जानकारी होने का दावा भी किया। साथ ही सेक्टर-17 स्थित उनके ऑफिसों की जानकारी होने की बात कहकर डराने की कोशिश की गई।
धमकी मिलने के बाद शिकायतकर्ता और उनके परिवार में दहशत का माहौल है। लवप्रीत सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने जान से मारने और नुकसान पहुंचाने की धमकी दी, जो फिरौती व आपराधिक धमकी की श्रेणी में आता है। उनके पास धमकी से जुड़ी वॉइस रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया है। पहले सेक्टर-22 थाने में दर्ज हुई DDR मामले में पहले 14 अप्रैल को थाना सेक्टर-22 में डीडीआर दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मामला गंभीर संज्ञेय अपराध से जुड़ा है। इसके बाद थाना सेक्टर-17 में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 308(4) के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई। बाद में केस को आगे की जांच के लिए खरड़ सिटी थाना भेज दिया गया। पुलिस मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वॉइस रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। शिकायत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 (फिरौती) और धारा 351 (आपराधिक धमकी) समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।