चलती ट्रेन के नीचे आया युवक, बची जान:बख्तियारपुर स्टेशन पर पैर फिसलने से घटना, PMCH रेफर

बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक चलती ट्रेन के नीचे आ गया। हालांकि, उसकी जान बाल-बाल बच गई। यह घटना ललितग्राम से पटना जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस के साथ हुई। घोसवरी थाना क्षेत्र के तारतर निवासी जुदागी यादव बख्तियारपुर स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे सीधे ट्रेन के नीचे चले गए। गनीमत रही कि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से युवक को सुरक्षित रूप से ट्रैक से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बख्तियारपुर ले जाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी करौटा निवासी विकास ने बताया कि यह घटना उनकी आंखों के सामने हुई। उन्होंने कहा कि युवक को ट्रेन के नीचे जाते देख वहां मौजूद लोग चिंतित हो गए थे, लेकिन उसके सुरक्षित बाहर निकलने पर सभी ने राहत महसूस की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *