झज्जर में रावी-ब्यास जल अधिकरण के उच्चस्तरीय शिष्टमंडल ने शनिवार को जिला साल्हावास पंप हाउस का दौरा करते हुए सिंचाई व्यवस्था, जल संसाधन प्रबंधन एवं नहरी जल आपूर्ति प्रणाली का निरीक्षण किया। शिष्टमंडल की सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति विनीत सरन ने की। उनके साथ तेलंगाना उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी. नवीन राव तथा मुंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुमन श्याम भी मौजूद रहे। इस अवसर पर हरियाणा, पंजाब एवं राजस्थान से कुल 55 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित रहा। शिष्टमंडल ने पंप हाउस परिसर में पौधरोपण करते हुए पर्यावरण के साथ जल संरक्षण का संदेश दिया। नेहरू लिफ्ट नहर प्रणाली का किया निरीक्षण इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जवाहरलाल नेहरू लिफ्ट नहर प्रणाली, संबंधित स्थलों एवं पंप हाउसों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य हरियाणा राज्य को आवंटित जल हिस्से के संदर्भ में उपलब्ध अवसंरचना एवं उसकी कार्यक्षमता का आकलन करना था। भाखड़ा बांध से 3.51 एमएएफ जल का वैध हिस्सा प्राप्त होना निर्धारित विभागीय अधिकारियों ने शिष्टमंडल को अवगत कराया कि हरियाणा राज्य को भाखड़ा बांध से 3.51 एमएएफ (मिलियन एकड़ फीट) जल का वैध हिस्सा प्राप्त होना निर्धारित है, परंतु वर्तमान में यह आवंटन संतोषजनक रूप से प्राप्त नहीं हो रहा है। पूर्ण जल हिस्सा अभी तक प्राप्त नहीं हो सका यह भी बताया गया कि उक्त आवंटित जल हिस्से के उपयोग हेतु आवश्यक अवसंरचना का विकास वर्ष 1979 में ही कर लिया गया था। इसके बावजूद राज्य को उसका पूर्ण जल हिस्सा अभी तक प्राप्त नहीं हो सका है। निरीक्षण के दौरान शिष्टमंडल ने पंप हाउसों एवं नहर प्रणाली सहित समस्त अवसंरचना का बारीकी से अवलोकन किया। कार्य योजना की विस्तृत प्रस्तुति दी इस अवसर पर सिंचाई एवं जलसंसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता वीरेन्द्र सिंह व राकेश चौहान ने शिष्टमंडल का स्वागत करते हुए कार्य योजना की विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें विषय से संबंधित पृष्ठभूमि, वर्तमान स्थिति एवं प्रमुख मुद्दों को प्रस्तुत किया गया। निरीक्षण के उपरांत सकारात्मक चर्चा हुई, सदस्यों ने हरियाणा के वैध जल हिस्से की प्राप्ति में हो रही कमी के विषय में उठाई गई चिंताओं को संज्ञान में लिया। ये अधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर प्रमुख अभियंता वीरेंद्र सिंह, राकेश कुमार, नीतीश जैन,मुख्य अभियंता सुरेश यादव, मुख्य अभियंता संदीप बिश्नोई, मुख्य अभियंता एम.एल. राणा, अधीक्षण अभियंता सतीश जनावा व दिनेश राठी,राम निवास (कार्यकारी अभियंता, जेएलएन जल सेवा मंडल), कार्यकारी अभियंता प्रतिभा मुदगिल,प्रमोद शर्मा,पुनीत साहनी, उप मंडल अधिकारी सतीश कुमार, सहित जेडब्ल्यूएस सर्कल के कनिष्ठ अभियंता एवं अन्य फील्ड स्टाफ भी उपस्थित रहे