जींद में राष्ट्रीय राजमार्ग-352 पर शनिवार की सुबह एक सड़क हादसे में एक स्विफ्ट कार ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना भीड़ताना टोल प्लाजा के पास हुई, जहां लाल रंग की स्विफ्ट कार की आगे चल रहे एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ड्राइवर गाड़ी के अंदर फंस गया। आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। समालखा के जौरासी गांव का रहने वाला था मृतक मृतक की पहचान 23 वर्षीय नरेश उर्फ फौजी छिकारा के रूप में हुई है, जो समालखा के जौरासी गांव का निवासी था। नरेश एक प्रतिभाशाली जूडो खिलाड़ी थे, जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था और चार बार नेशनल प्लेयर रह चुके थे। उनके परिवार में तीन भाई हैं, जिनमें से दो खिलाड़ी हैं और एक खेती का काम करता है। नरेश जींद में अपने किसी दोस्त से मिलने आ रहे थे। हादसे के बाद शव को जींद के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है, जहां पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्विफ्ट कार तेज रफ्तार में थी और आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने या रुकने के कारण यह टक्कर हुई। मामले की विस्तार जांच जारी है।