ज्वेलर्स शॉप में गिरी तिजोरी की चाबी, लाखों गहने उड़ाए:रोपड़ में थाने से 100 मीटर दूर वारदात, चोरों ने दुकान में ही पी बीड़ी सिगरेट

रोपड़ शहर के मुख्य बाजार स्थित ‘विजय ज्वैलर्स’ में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। हैरान करने वाली बात यह है कि यह वारदात स्थानीय पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने दुकान के भीतर बैठकर आराम से बीड़ी-सिगरेट पी और पुलिस गश्त को खुली चुनौती दी। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। दुकानदार विजय कुमार वर्मा के अनुसार, चोर बेहद शातिर थे। उन्होंने दुकान में घुसने के लिए साथ लगती बुटीक वाली गली के एक मकान की बाहरी सीढ़ियों का सहारा लिया। छत पर चढ़ने के बाद चोरों ने ऊपर के दरवाजे का ताला तोड़ा और दुकान के भीतर दाखिल हो गए। चोरों ने पूरी इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया, जिससे उनकी बेखौफ मानसिकता का पता चलता है। किस्मत ने दिया चोरों का साथ विजय कुमार ने बताया कि पिछले 2-3 दिनों से दुकान की बिजली खराब थी। अंधेरे में काम करते समय तिजोरी (सेफ) की चाबियां दुकान के अंदर ही कहीं गिर गई थीं। चोरों के हाथ ये चाबियां लग गईं, जिसके बाद उन्हें अलमारियां खोलने के लिए कोई मशक्कत नहीं करनी पड़ी। उन्होंने बिना कोई शोर किए लाखों रुपये के सोने और चांदी के जेवरात समेटे और फरार हो गए। ज्वैलर्स पर मंडराता खतरा और पुलिस की विफलता चमकौर साहिब और आसपास के इलाकों में ज्वैलर्स लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं। इससे पहले 27 दिसंबर 2025 को गांव बहिरामपुर बेट में ‘वर्मा ज्वैलर्स’ से करीब 1.5 से 2 करोड़ रुपये के गहनों की बड़ी चोरी हुई थी। उस मामले में कई महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। बार-बार हो रही इन वारदातों ने व्यापारियों की नींद उड़ा दी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी पर टिकी उम्मीद मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह ढिल्लों पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब बाजार और आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *