जालंधर में ट्रैवल एजेंट ऑफिस के बाहर हंगामा:लोगों ने 7 लाख रुपए ठगने का लगाया आरोप; बस स्टैंड चौकी पुलिस ने बुलाया थाने

जालंधर बस स्टैंड के पास एक टूर एंड ट्रैवल दफ्तर के बाहर कुछ लोगों ने हंगामा किया। लोगों ने ट्रैवल एजेंट पर करीब 7 लाख रुपए लेने और विदेश न भेजने का आरोप लगाया। मनवीर, सपना और शालिनी ने पैसे मांगने पर धमकी देने के भी आरोप लगाए। हंगामे की सूचना पर बस अड्डा चौकी इंचार्ज गुरविंदर सिंह पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही ट्रैवल एजेंट खिसक गए। इसके बाद पुलिस ने दफ्तर को ताला लगा दिया। पुलिस का कहना है कि दूसरी पार्टी को भी थाने बुलाया गया है। मामले की जांच कर रहे हैं। अगर यह फ्रॉड का मामला निकला तो उसी हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। मौके पर पहुंचे मनवीर बावा ने बताया कि उसके साथ 5 लाख रुपए और सपना ने बताया कि उसके साथ 2 लाख रुपए की ठगी हुई है। 1 साल पहले यानी 2025 में पैसे दिए गए थे। पहले 6 महीने आज-कल में काम हो जाएगा कहकर निकाल दिए और अब 6 महीने से पैसा मांग रहे हैं तो बदले में धमकी मिल रही है। इसे लेकर जालंधर पुलिस कमिश्नर दफ्तर में भी शिकायत दी थी।
जानें शिकायतकर्ताओं ने क्या बताया.. वर्क परमिट को इमिग्रेशन वालों ने बताया फर्जी
सपना ने बताया कि इमिग्रेशन वालों ने उसे पूरी तरह से फर्जी वर्क परमिट दिया और उसकी मेल भी आई हुई है। एजेंट ने उसे चंडीगढ़ वीजा फैसिलिटेशन सर्विसेज (VFS) की अपॉइंटमेंट भी लेकर दी थी, लेकिन जब वह वहां कागजात जमा करवाने गया, तो एजेंट ने रास्ते में ही मैसेज और मेल कर दिया कि युद्ध की वजह से आपकी अपॉइंटमेंट कैंसिल हो गई है। जब उसे जबरदस्ती VFS के अंदर भेजा गया, तो वहां अधिकारियों ने बताया कि यह अपॉइंटमेंट और परमिट दोनों ही फेक हैं। इस काम के लिए उन्होंने 2 लाख रुपए दिए थे, जिसमें से एक लाख रुपए एजेंट पहले ही ले चुका था और बदले में उसने एक चेक दिया था। अब जब उनसे बात की जाती है, तो वे उल्टा धमकियां देती है और कहती है कि मैं हाईकोर्ट में पेश हो गई हूं। 1 साल से पैसा वापस नहीं कर रही एजेंट
शालिनी ने बताया कि उनके पति मनवीर बावा ने नीदरलैंड के लिए पासपोर्ट लगाया था, लेकिन एजेंट ने काम न बनने पर उनका केस लक्जमबर्ग के लिए डाल दिया। इसके बाद एजेंट ने एक ऑफर लेटर दिया, जिसे चेक करवाने पर वह फर्जी निकला। इस धोखाधड़ी में उसके 5 लाख रुपए फंसे हुए हैं, जो उन्होंने कैश और चेक के जरिए दिए थे। एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी एजेंट पैसे वापस नहीं कर रही है और अब बीमारी का बहाना बनाकर (अस्पताल की फोटो भेजकर) सुनवाई से बच रही है और धमकियां दे रही है। इसी के विरोध में आज वे ऑफिस के बाहर धरना दे रहे हैं और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है। मनवीर बावा ने बताया कि प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई न होने के कारण अब धरनना देकर इंसाफ मांग कर रहे हैं। चौकी प्रभारी बोले-आरोपियों पर होगी कार्रवाई
बस स्टैंड पुलिस चौकी के प्रभारी गुरविंदर सिंह हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि खुद को ठगी का शिकार बता रहे दोनों पीड़ितों की शिकायत ले ली है। ट्रैवल एंजेंट को भी थाने बुलाया गया है। अगर मामला ठगी का निकलता है तो बनती कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *