तरनतारन में एक बेकाबू और तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय सुखमनदीप सिंह की जान चली गई, जबकि मुनीश नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मुनीश को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक सुखमनदीप के पिता सुरिंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। उनका बेटा सुखमनदीप सिंह भी उनके साथ ट्रक पर हाथ बंटाता था। घटना के समय वे जीओबाला मंडी से गेहूं लोड करके अपना ट्रक (नंबर PB-02-FC-8082) मॉडर्न फूड राइस मिल के बाहर लाइन में लगाकर खड़े थे। पिता ट्रक के भीतर ही मौजूद थे, जबकि सुखमनदीप बाहर सड़क किनारे खड़ा था। गलत साइड से आई कार ने दोनों को रौंदा सुरिंदर सिंह के अनुसार, मुनीश नामक युवक रात के समय उनके लिए चाय लेकर आया था। सुखमनदीप और मुनीश ट्रक के बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी अचानक गलत दिशा (Wrong Side) से एक तेज रफ्तार कार आई। कार ने पहले मुनीश को जोरदार टक्कर मारी और फिर सुखमनदीप को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद चालक फरार, अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम वारदात को अंजाम देने के बाद कार चालक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पिता सुरिंदर सिंह ने आनन-फानन में अन्य लोगों की मदद से दोनों घायलों को तरनतारन के सिविल अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने सुखमनदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। मुनीश का उपचार अभी भी जारी है और वह जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है। अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज, तलाश जारी थाना सिटी तरनतारन के जांच अधिकारी प्रदुमन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।