14वें परम पावन दलाई लामा का 90वां जन्मदिन इस वर्ष ‘अंतरराष्ट्रीय करुणा वर्ष’ के रूप में विश्वभर में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 20 मई को धर्मशाला में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें भारतीय हिमालयी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों और जिलों की बौद्ध संस्थाएं शिरकत करेंगी। रारंग पंचायत के पूर्व प्रधान भगत सिंह किन्नर ने मीडिया को बताया कि हिमालयन बुद्धिस्ट कल्चरल एसोसिएशन के विशेष अनुरोध पर दलाई लामा के निजी कार्यालय ने 20 मई के कार्यक्रम को स्वीकृति दे दी है। इस आयोजन में अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, लाहौल-स्पीति सहित अन्य जिलों की बौद्ध संस्थाएं अपनी श्रद्धा व्यक्त करेंगी। भगत सिंह किन्नर ने कहा कि बौद्ध धर्म की महायान परंपरा का मूल स्रोत तिब्बत है और परम पावन दलाई लामा इस परंपरा के ध्वजवाहक हैं। तैयारियों को लेकर 12 मई को होगी मीटिंग उनके 90वें वर्ष में प्रवेश करने पर उनके दीर्घायु जीवन और अच्छे स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रार्थनाएं और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित करना हमारा कर्तव्य है। धर्मशाला में होने वाले इस विशाल आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और इसे सफल बनाने के लिए 12 मई को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह रिकांगपिओ में एक आवश्यक बैठक बुलाई गई है। उन्होंने जिले के सभी लामा, जोमो और बौद्ध अनुयायियों से 12 मई की बैठक में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी को इस ऐतिहासिक उत्सव में अपनी क्षमतानुसार योगदान देकर पुण्य का भागी बनना चाहिए।