नूंह में एक्सीडेंट में एमपी के यूट्यूबर की मौत:दोस्तों के साथ जम्मू-कश्मीर जा रहे, बेकाबू होकर कैंटर से टकराई कार, दो घायल

नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय यूट्यूबर अंकित गायकवाड की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके दो दोस्त घायल हुए हैं। हादसा नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में गांव कोलगांव के पास चैनल नंबर 78 पर हुआ। मध्य प्रदेश के भोपाल से जम्मू-कश्मीर जा रहे तीन दोस्त टाटा नेक्सॉन कार में सवार थे। उनकी गाड़ी दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेस-वे पर गांव कोलगांव के पास पहुंची, तभी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बैतूल, मध्य प्रदेश निवासी अंकित गायकवाड पुत्र सुरेश गायकवाड की मौके पर ही मौत हो गई। अंकित एक यूट्यूबर थे और सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते थे। इस हादसे में उनके साथी नवनीत और भूमिका घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर रख रही है। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मृतक अंकित गायकवाड के शव को पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *