पंचकूला में मैराथन के चलते कल रहेंगे रूट डायवर्ट:सुबह 6 से 8 बजे तक कई मार्ग रहेंगे बंद, ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी

पंचकूला शहर में मंगलवार को डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में मैराथन के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की गई है। मैराथन के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 6 बजे से 8 बजे तक यातायात पूर्ण रूप से बंद रहेगा। मैराथन की शुरूआत पंचकूला के सेक्टर-6 स्थति शक्ति भवन से प्रारंभ होकर सेक्टर 8/9 लाइट पॉइंट, सेक्टर 9/10 लाइट पॉइंट, बस स्टैंड तवा चौक, सेक्टर 12/4 लाइट पॉइंट तथा नेशनल हाईवे-5 (03/21 लाइट पॉइंट) से होते हुए ताऊ देवीलाल स्टेडियम पंचकूला तक पहुंचेगी। इस दौरान उक्त सभी मार्गों पर किसी भी प्रकार का वाहन आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें ट्रैफिक पुलिस पंचकूला ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान इन मार्गों का उपयोग करने से बचें तथा अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। नागरिकों से यह भी अनुरोध किया गया है कि यात्रा से पहले अपने मार्ग की योजना बनाएं, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता दें। पंचकूला ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि मैराथन आयोजन को सफल एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। सभी नागरिकों से यातायात नियमों की पालना करने एवं पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *