पंजाब में नशे से 5 भाइयों की मौत:मां रोते हुए बोलीं- 8 साल में एक-एक कर तड़पते दम तोड़ा; पुलिस मुझे कहती- झूठी खबरें फैलाती हो

दो दिन से मेरा बेटा तड़प रहा था। बार-बार 200 रुपए मांगता था। हमें लगा उसकी लत छूट जाएगी, इसलिए अस्पताल से मिली गोली घोलकर देते रहे, लेकिन हमें नहीं पता था कि वह हमें छोड़कर चला जाएगा। ये बातें उस मां ने रोते हुए कहीं, जिसने मंगलवार को अपने पांचवें बेटे सोनू को भी खो दिया। कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ले की रहने वाली मनजीत कौर कहना है कि नशे ने उसके पांचों बेटे निगल लिए। परिवार में अब सोनू की पत्नी, डेढ़ साल की बेटी, साढ़े तीन साल का बेटा और बूढ़े माता-पिता बचे हैं। मां ने बताया कि घर में कोई भी नशा नहीं करता था। सबसे पहले उनके बड़े बेटे जसविंदर सिंह को लत लग गई। फिर धीरे-धीरे इस दलदल ने बाकी चार को भी अपनी चपेट में ले लिया। माता-पिता ने कर्ज लिया, ताकि उन्हें नशा छुड़ाओ केंद्र भेज सकें, लेकिन फिर वे इस दलदल से नहीं निकल पाए। एक-एक कर 8 साल में ही पांचों की मौत हो गई। मोहल्ले से सुल्तानपुर लोधी थाने की दूरी भी सिर्फ 100 मीटर है। एक-एक कर ऐसे मरे पांचों बेटे अब जानिए मां ने क्या कहा…. लोग बोले- मुंह ढंक कर आते तस्कर, चिट्‌टा भेज भाग जाते 5 अप्रैल को गांव में प्रदर्शन करने वाले लोगों ने कहा कि सुल्तानपुर लोधी बाबा नानक की नगरी है। यहां सरेआम नशा बिक रहा है। तस्कर मुंह ढंक कर बाइक पर आते हैं। फिर खुलेआम चिट्‌टे की पुड़िया बेचकर फरार हो जाते हैं। हालात ये हैं कि पुलिस थानों के करीब ही अब नशा बेचा जा रहा है। युवक की मां मनजीत कौर और इलाके की अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि यहां नशा आसानी से मिल रहा है और पिछले कुछ वर्षों में कम से कम 20 युवाओं की मौत नशे की वजह से हो चुकी है। SSP बोले- तस्करों पर एक्शन लेंगे इस मामले में कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने कहा था कि जल्द ही पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। जो भी यहां नशा बेचने आते हैं, उन पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। जो लोग नशे से पीड़ित हैं, उन्हें इलाज के लिए प्रेरित किया जाएगा। पुलिस ने दावा किया कि परिवार ने कभी भी नशा तस्करों के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की, न ही कोई जानकारी दी। ******************* ये खबर भी पढ़ें: दंपती के 5वें बेटे की नशे से मौत: अमृतसर में तोड़ा दम, मां बोली- मैं लुट गई, मुझसे अब पोता-पोती को पाला नहीं जाएगा कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में नशे ने एक ही परिवार के 5 बेटों की जिंदगी छीन ली। दंपती के 4 बेटों की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि 5वें बेटे ने भी आज अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *