गुरुग्राम- क्लीनिक संचालक ने बिजली एक्सटेंशन बोर्ड से फंदा लगाया:कमरे में लटका मिला शव, अंदर से दरवाजा बंद था; पत्नी मायके गई हुई थी

हरियाणा के गुरुग्राम में एक क्लीनिक संचालक ने रविवार रात अपने घर पर बिजली के एक्सटेंशन बोर्ड से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सुबह जब वो देर तक नहीं उठा तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से लॉक होने के कारण दरवाजा नहीं खुला। जब परिजनों ने खिड़की से झांक कर देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। देखते ही चीख पुकार मच गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्लीनिक संचालक शादी शुदा था। उसकी 11 साल की बेटी है। उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी और पीछे से उसने सुसाइड कर लिया। जमालपुर रोड पर क्लीनिक चलाता था मृतक की पहचान वार्ड नंबर-12 फर्रुखनगर में रहने वाले जयवीर (35) के रूप में हुई है। वह जमालपुर रोड पर डी-कांत होटल के पीछे अपने मकान में रहता था और पास में ही जीएस हेल्थ केयर नाम से एक क्लीनिक चलाता था। पैसों के लेनदेन को लेकर परेशान था परिजनों के मुताबिक उसका एक जानकार से पैसों का लेन देन चल रहा था, जिससे वो परेशान था। हालांकि, कितनी रकम का लेन देन था, इस बारे में परिजन कोई जानकारी नहीं दे पाएं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *