पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बिहार के 5 लोगों की मौत:सीवान से दिल्ली जाते समय हुआ सड़क हादसा, मरने वाले एक ही परिवार से थे

आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर खड़े ट्रेलर में जा घुसी। कार की स्पीड करीब 135 किमी प्रति घंटा थी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी लोग बिहार के सीवान के सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर के रहने वाले थे। मृतक की पहचान मनीष कुमार श्रीवास्तव (43), कंचन देवी (40) पत्नी मनीष कुमार श्रीवास्तव, आस्था कुमारी (16) पुत्री मनीष कुमार श्रीवास्तव, अदिति (11) पुत्री मनीष कुमार श्रीवास्तव रूप में की गई है। हालांकि, एक शव की पहचान नहीं हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मृतकों की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। हादसा दोपहर करीब 3 बजे कंधरापुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 238 के पास हुआ। हादसे की 3 तस्वीरें देखिए… मरने वालों में 2 बच्चियां और एक महिला मरने वालों में 2 पुरुष, एक महिला और 2 बच्चियां शामिल हैं। पुलिस को मौके से मनीष श्रीवास्तव नाम की एक आईडी मिली है। इसमें एक पता हरियाणा के फरीदाबाद, जबकि दूसरा बिहार के सीवान जिले का है। पुलिस जब फरीदाबाद वाले पते पर पहुंची, तो घर पर ताला लगा मिला। वहीं, मृतकों की पहचान के लिए आजमगढ़ पुलिस सीवान पुलिस से संपर्क कर रही है। क्रेन से हटाई गई कार हादसे में सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का अगला हिस्सा और छत बुरी तरह पिचक गई। अंदर की दोनों सीटें और पूरा केबिन भी पूरी तरह तबाह हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का ढांचा पूरी तरह टूट गया। जिस ट्रेलर से कार टकराई, उस पर राजस्थान नंबर दर्ज है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटाने के लिए बड़ी क्रेन मंगानी पड़ी। एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के 238 माइलस्टोन पर खड़े ट्रेलर में स्विफ्ट डिजायर कार घुस गई। सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर थाना पुलिस, सीओ सिटी, फायर टीम, एम्बुलेंस और वह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सभी मृतकों को तत्काल एम्बुलेंस से मोर्चरी भिजवाया गया। मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *