फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव लाली में शनिवार को प्राइवेट स्कूल की बस गली के मोड़ पर लगे बिजली ट्रांसफार्मर से टकरा गई। बस में उस समय करीब 45 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। सभी बच्चे सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। बाद में मामले की जानकारी बिजली निगम और स्कूल प्रबंधन को दी गई। जानकारी के अनुसार, प्राइवेट स्कूल की बस बच्चों को लेने गांव में पहुंची थी। गली में आगे एक ट्रॉली खड़ी होने से रास्ता संकरा हो गया, इसलिए गली में बस के निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। मगर इसके बावजूद ड्राइवर ने बस निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान बस वहां लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराई। टक्कर लगते ही बस के टायरों से धुआं और चिंगारियां निकलने लगी। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया गया। ग्रामीण बोले- ट्रांसफॉर्मर गलत जगह लगा है ग्रामीण कश्मीर चंद, कुशाल चंद, पवन कुमार, सतपाल पंवार, बिट्टू राम और संजय आदि ने बताया कि गली में ट्रांसफार्मर गलत तरीके से स्थापित किया गया है। इस संबंध में बिजली निगम को पहले भी कई बार सूचित किया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्र है कि बड़ा हादसा नहीं हुआ। अगर किसी बच्चे की जान पर बन जाती, तो कौन जिम्मेदार होता। बिजली निगम को ट्रांसफार्मर को सही जगह लगाना चाहिए।