फरीदकोट में पार्क से मिला व्यक्ति का शव:सैर करने आए लोगों ने देखा, मृतक की पहचान नहीं; ASI बोले- पोस्टमार्टम करवाएंगे

फरीदकोट के कोटकपूरा में नगर काउंसिल दफ्तर के सामने स्थित पार्क से सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार सुबह सैर करने आए लोगों ने व्यक्ति को पार्क में बेहोशी की हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद थाना सिटी के एएसआई दलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फरीदकोट मेडिकल अस्पताल से करवाएंगे पोस्टमार्टम- जांच अधिकारी इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई दलजीत सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 50-55 वर्ष के करीब लगती है। देखने में वह पेंटर प्रतीत होता है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, इसलिए शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि पहचान होने या निर्धारित समय के बाद शव का पोस्टमार्टम फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कराया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *