फाजिल्का में युवक का शव पंखे से लटका मिला:एक दिन पहले हुई थी सगाई, पुलिस बोली- जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फाजिल्का की तेलियावाली गली में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 24 वर्षीय युवक का शव उसके घर में पंखे से लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान अंकुश के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मोहल्ले के लोग भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। मोहल्ला वासियों के अनुसार अंकुश अनाथ था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी, जबकि उसकी मां उसे छोड़कर कहीं और चली गई थी। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने कमेटी बनाकर उसका पालन-पोषण किया। वह अपने दादा-दादी के घर में रह रहा था। लोगों ने उसे पढ़ाने-लिखाने में भी सहयोग किया और उसे गंगानगर भेजा, जहां से उसने इलेक्ट्रिशियन का कोर्स किया। रात को मिली घटना की सूचना पढ़ाई पूरी करने के बाद वह फाजिल्का में इलेक्ट्रिशियन का काम कर रहा था। जानकारी देते हुए स्वर्णकार यूनियन के अध्यक्ष राजिंदर वर्मा ने बताया कि उन्हें रात करीब साढ़े 10 बजे फोन पर सूचना मिली कि अंकुश ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पंखे से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही अंकुश की सगाई हुई थी। उसने स्वयं लखनऊ की एक लड़की को पसंद किया था। सगाई के बाद वह लड़की के परिजनों को रेलवे स्टेशन छोड़कर भी आया था। ऐसे में उसकी मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी सरवन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *